दिल्ली में बुधवार सुबह वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्थ

दिल्ली में वायु प्रदूषण का कहर, AQI 605 तक पहुंचा; कई इलाकों में हवा गंभीर

Delhi Air Pollution Worsens, AQI Hits 605; Several Areas in Severe Category

नई दिल्ली: दिल्ली में बुधवार सुबह वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई। सुबह 7:41 बजे राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 605 दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, इंडिया गेट के आसपास AQI 414, गाजीपुर में 410 और धौला कुआं में 417 दर्ज किया गया। ये सभी 'गंभीर' श्रेणी में आते हैं। अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा। पंजाबी बाग में AQI 452, ITO में 418 और आरके पुरम में 423 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, चांदनी चौक में AQI 369, IGI एयरपोर्ट (T3) में 358, लोधी रोड में 304 और वसुंधरा एन्क्लेव में 328 दर्ज किया गया। ये सभी 'बहुत खराब' श्रेणी में रहे। आनंद विहार में AQI 300 रिकॉर्ड किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है।

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर वाहनों की जांच

बिगड़ती वायु गुणवत्ता के बीच पुलिस ने दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर जांच अभियान चलाया। ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP-II) के तहत वाहनों की आवाजाही पर लागू पाबंदियों के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई। दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में पहुंचने के बाद केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को कहा कि केंद्र का वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। इसमें हवा की दिशा, गति और उसकी आवाजाही जैसे पहलुओं पर निगरानी की जा रही है। सरकार का दावा है कि पिछले वर्षों की तुलना में पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है और धान की पराली के बड़े हिस्से का इस्तेमाल खेतों से बाहर प्रबंधन (एक्स-सीटू मैनेजमेंट) के जरिए किया गया है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं में कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर यादव ने कहा, "हां, मैंने पहले ही कहा है कि इस बार लगभग 40 प्रतिशत धान की पराली का इस्तेमाल एक्स-सीटू मैनेजमेंट के जरिए किया गया है।"

मौसम की स्थिति पर नजर रख रहा CAQM

इन उपायों के बावजूद दिल्ली में प्रदूषण का स्तर गंभीर बने रहने के सवाल पर पर्यावरण मंत्री ने कहा कि CAQM मौसम की परिस्थितियों पर करीब से नजर रख रहा है और आकलन के आधार पर जरूरी कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा, "CAQM लगातार मौसम की स्थितियों पर नजर रख रहा है, जिसमें हवा की दिशा, हवा की गति और हवा की आवाजाही शामिल है। इन आकलनों के आधार पर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।" महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में CPCB के आंकड़ों के अनुसार, कुल AQI 175 दर्ज किया गया। ANI की रिपोर्ट में इसे 'अनहेल्दी' श्रेणी में बताया गया है। मुंबई के अलग-अलग इलाकों में बोरीवली ईस्ट में AQI 74, चकला-अंधेरी ईस्ट में 97, कांदिवली वेस्ट में 86, मलाड वेस्ट में 87 और वर्ली में 96 दर्ज किया गया। ये सभी 'संतोषजनक' श्रेणी में रहे। वहीं, शिवाजी नगर में AQI 109 रिकॉर्ड किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।

(ANI)

ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर मार्च करने की कोशिश पर दिशा ग्रुप के प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज