परिवार संग मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
मिर्जापुर: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को परिवार सहित मिर्जापुर पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर मां का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
सीएम रेखा गुप्ता ने देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
सीएम रेखा गुप्ता और उनके परिवार ने मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचने पर मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कराया। इस दौरान मंदिर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बना उत्साह का माहौल
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मंदिर परिसर और मार्ग पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की इस धार्मिक यात्रा को लेकर विंध्यधाम में पूरे दिन श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें- बांदा में पुलिस पर रिश्वतखोरी का आरोप, अधिवक्ता ने SI पर लगाए गंभीर आरोप