दिल्ली में पत्नी की हत्या के आरोपी पुलिस कांस्टेबल

पत्नी की हत्या के आरोपी दिल्ली पुलिस कांस्टेबल ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

Delhi Cop Accused of Wife Murder Dies by Suicide

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में अपनी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के आरोपी दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल मनीष भाटी ने मंगलवार को कथित तौर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी रविवार शाम से फरार था और उसकी तलाश की जा रही थी।

मयूर विहार के पास पार्क में मिला शव

पुलिस के अनुसार, मनीष भाटी का शव मंगलवार शाम पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार के पास एक पार्क में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। मामले की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, रविवार को कल्याणपुरी इलाके में स्कूटर से जा रहे दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद मनीष भाटी ने स्कूटर रुकवाया और अपनी पत्नी को गोली मार दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, नहीं बच सकी जान

घटना को वहां मौजूद चार-पांच राहगीरों ने देखा। उन्होंने घायल महिला को ऑटो रिक्शा की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल की तलाश शुरू कर दी थी। जांच के तहत आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे थे। इसी दौरान मंगलवार को उसका शव बरामद हुआ। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: 100 करोड़ की जमीन हड़पने की साजिश नाकाम, राजस्व अधिकारियों समेत 13 गिरफ्तार