दिल्ली सरकार ने शुरू की अटल कैंटीन, लोगों को पांच रुपये में मिलेगा पौष्टिक भोजन
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने गुरुवार को 'अटल कैंटीन' योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत राजधानी के लोगों को मात्र ₹5 में भरपेट और पौष्टिक भोजन मिल सकेगा। पहले चरण में दिल्ली के 45 अलग-अलग इलाकों में यह कैंटीन खोली गई हैं। उद्घाटन के पहले दिन आम जनता को खाना मुफ्त में खिलाया गया।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लिया अटल कैंटीन का पहला टोकन
जानकारी के मुताबिक, नेहरू नगर में अटल कैंटीन के उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद शामिल हुए। इस मौके पर भोजन का पहला ₹5 वाला टोकन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लिया और उन्होंने खुद भी वहां भोजन किया। इसके बाद दूसरा टोकन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और तीसरा टोकन गृह मंत्री आशीष सूद ने खरीदा। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक भी मौजूद रहे। उद्घाटन के तुरंत बाद ही स्थानीय लोगों ने कैंटीन में भोजन करना शुरू कर दिया।
₹5 में उपलब्ध एक थाली की लागत पड़ती है लगभग ₹30
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हालांकि सरकार को एक थाली की लागत लगभग ₹30 पड़ती है, लेकिन जनता के लिए इसे मात्र ₹5 में उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन कैंटीनों के जरिए लाखों लोगों को सस्ता और पौष्टिक खाना मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। कैंटीन पहुंचने वाले लोगों ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि मात्र ₹5 में इतना स्वादिष्ट और अच्छा खाना मिल सकता है। इस भोजन की थाली में दाल, चावल, सब्जी, रोटी और अचार शामिल है।
फिलहाल 45 जगहों पर शुरू हुई है यह कैंटीन शुरू
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि फिलहाल 45 जगहों पर ये कैंटीन शुरू की गई हैं, लेकिन सरकार की योजना इसे बड़े स्तर पर ले जाने की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जल्द ही दिल्ली में 100 से ज्यादा जगहों पर अटल कैंटीन खोली जाएंगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यही है कि दिल्ली में कोई भूखा न रहे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/sharp-drop-in-the-price-of-raw-materials-for-medicines-in-china/102551