दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सरकार

दिल्ली मेट्रो में सरकार विरोधी पोस्टर से हड़कंप, अज्ञात पर FIR के बाद जांच में जुटी स्पेशल सेल

Delhi Metro train on Airport Express Line

नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सरकार के प्रदर्शन पर सवाल उठाने वाले दो विवादित पोस्टर मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्पेशल सेल को भी जांच में शामिल किया गया है।

सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 'दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 2007' और 'मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2002' के तहत की गई है। ट्रेन के भीतर से विवादित पोस्टरों को जब्त कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पोस्टर लगाने वालों की पहचान की जा रही है।

पूर्व DCP बोले- 'बड़ी साजिश की गंध'

इस पूरे घटनाक्रम पर दिल्ली पुलिस के पूर्व डीसीपी एल.एन. राव की प्रतिक्रिया आई है। उनका मानना है कि यह महज किसी सिरफिरे की हरकत नहीं, बल्कि किसी गहरे षड्यंत्र का हिस्सा हो सकती है।

एल.एन. राव ने कहा, "इन पोस्टरों को चिपकाना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। इस मामले में आपराधिक साजिश (क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी) यानी आईपीसी की धारा 120B के तहत भी जांच आगे बढ़ेगी। तफ्तीश से ही साफ होगा कि ये कौन लोग थे, इन्हें किसके इशारे पर भेजा गया था और इनका असली मकसद क्या था।"

जांच के बाद ही सामने आएगा पूरा सच

पूर्व पुलिस अधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि घटना के पीछे की मंशा विस्तृत छानबीन के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

राव ने आगे कहा, "गहन जांच के बाद ही इस पूरे वाकये का सच सामने आ पाएगा। जांच एजेंसी ने एफआईआर दर्ज कर ली है। अब साक्ष्य जुटाकर उन असली गुनहगारों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर यह पटकथा लिखी।" ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: यासीन मलिक समेत 7 आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस में ट्रायल का आदेश