दिल्ली पुलिस ने 13 अपराधिक मामलों में शामिल दो लुटेरों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस की टीम ने दो खतरनाक लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी चोरी, डकैती, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के कुल 13 मामलों में शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चार बैग, 1.12 लाख रुपये नकदी, एक आईपैड और एक जोड़ी एयरपॉड्स बरामद किया है।
दक्षिण-पश्चिम जिले के वसंत विहार पुलिस थाने की टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद नदीम और रविंदर के रूप में हुई है। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई एक होंडा अमेज़ कार भी बरामद हुई है।
रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था पीड़ित का परिवार
पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने शनिवार देर रात करीब 11 बजे अपनी गाड़ी पालम मार्ग, वसंत विहार में खड़ी की थी। उसके परिवार का सदस्य खाने के लिए एक रेस्टोरेंट में गया था, जबकि शिकायतकर्ता गाड़ी के अंदर ही बैठा रहा और सो गया। इस दौरान, दो अज्ञात लोग एक कार में आए और शिकायतकर्ता की गाड़ी के पीछे अपनी गाड़ी खड़ी कर दी।
घटना के समय अपने कार के अंदर सो रहा था पीड़ित
एक आरोपी ने पीड़ित की कार का पिछला शीशा तोड़ दिया, जबकि दूसरे ने उसको काबू में किया और उसे उसकी ही गाड़ी के अंदर धकेल दिया। आरोपियों ने चार बैग लूट लिए जिनमें 1.12 लाख रुपये नकद, एक आईपैड और एक जोड़ी एयरपॉड्स रखा हुआ था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के इंद्रलोक इलाके में छापेमारी में पकड़े गए दोनों आरोपी
इस मामले को सुलझाने के लिए, PS वसंत विहार की एक डेडिकेटेड टीम बनाई गई है। पुलिस टीम ने गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर और टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर, दिल्ली के इंद्रलोक इलाके और आस-पास की झुग्गी-झोपड़ियों में छापेमारी की जहाँ से दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/protests-erupt-again-in-front-of-the-chief-electoral-officers-office/104650