दिल्ली के मुकुंदपुर में बड़े अवैध जुआ रैकेट का भंडाफोड़: 22 गिरफ्तार, ₹6.2 लाख नकद बरामद
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की बाहरी उत्तर जिला एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने रविवार तड़के मुकुंदपुर इलाके में कथित तौर पर चल रहे एक बड़े अवैध जुआ नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 22 लोगों को गिरफ्तार किया और करीब ₹6.2 लाख नकद बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के सोम बाजार, मुकुंदपुर में की गई। परिसर में कथित तौर पर करीब एक साल से अवैध जुए की गतिविधियां चल रही थीं। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी 22 लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने ऐसे की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के अनुसार, परिसर में अवैध जुए की गतिविधियां चलने की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त डीसीपी अमित कौशिक और इंस्पेक्टर गौरव चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने पहले गोपनीय तरीके से परिसर के बाहर घेरा बनाया और भागने की किसी भी कोशिश को रोकने के लिए सभी प्रवेश और निकास मार्गों को रणनीतिक तरीके से बंद कर दिया। इसके बाद टीम ने तेजी से परिसर में प्रवेश किया।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 22 लोगों को पकड़ा गया। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान कथित तौर पर नेटवर्क के प्रमुख संचालकों में शामिल देव और गुप्ता जी को नकदी लेकर भागने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया।
मौके से क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने परिसर से करीब ₹6.2 लाख नकदी, ताश के पत्ते, नंबर बोर्ड, सट्टे की पर्चियां और जुए से संबंधित अन्य सामान बरामद किया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह परिसर कथित तौर पर करीब एक वर्ष से अवैध जुए के अड्डे के रूप में संचालित हो रहा था।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी 22 लोगों को विस्तृत पूछताछ और कानूनी कार्यवाही के लिए ले जाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इस कथित अवैध गतिविधि को संचालित करने में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से इलाके में सार्वजनिक उपद्रव का कारण बन रहे एक बड़े अवैध जुए के अड्डे का खात्मा हुआ है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: राजौरी गार्डन के मॉल ऑफ राजौरी के पास 19 वर्षीय छात्र का मिला शव, मौके से सुसाइड नोट बरामद