दिल्ली पुलिस ने आईएसआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया; 4 गिरफ्तार, हथियार जब्त
नई दिल्ली,(भारत)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब और दिल्ली में संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर राष्ट्रीय राजधानी में आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह (23), गुरजंत सिंह (22), साजन सिंह (28) और गगनप्रीत (24) के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी पंजाब और एक दिल्ली से पकड़ा गया है।
दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने इनके कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर एसीपी विवेक कुमार त्यागी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सतीश राणा और अशोक की टीम द्वारा की गई। जांच के अनुसार, पहला आरोपी शुभदीप सिंह अमृतसर से गिरफ्तार हुआ, जिसके पास से हथियार और मोबाइल बरामद हुए। इसके बाद उसके साथियों गुरजंत सिंह और साजन सिंह को पंजाब से पकड़ा गया, जबकि चौथे आरोपी गगनप्रीत को बाद में दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
पहचान छिपाने के लिए सुरक्षित संचार माध्यमों का उपयोग
पूछताछ में सामने आया, कि आरोपी विदेशी नंबरों के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे और पहचान छिपाने के लिए सुरक्षित संचार माध्यमों का उपयोग कर रहे थे। आरोप है, कि उन्हें ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थ भी प्राप्त हुए। गगनप्रीत पर दिल्ली में पुलिस थानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करने और संभावित हमले की योजना में शामिल होने का आरोप है।
भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज
अन्य आरोपियों का संबंध पहले भी नशा तस्करी और एनडीपीएस मामलों से रहा है। पुलिस का कहना है, कि यह नेटवर्क सीमा पार से संचालित किया जा रहा था और इसके अन्य सदस्यों की पहचान के लिए जांच जारी है। मामला भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः सराफा बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद, सोने में नरमी तो चांदी में उछाल..., जानिए आज का भाव