सिंघु बॉर्डर हिट-एंड-रन: ड्यूटी पर तैनात दिल्ली ट्रैफिक पुलिस हेड कांस्टेबल की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर बुधवार शाम को यातायात व्यवस्था संभाल रहे दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की हिट-एंड-रन हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार वाहन ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। इस गंभीर मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए अलीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
घटना का विस्तृत विवरण और पुलिस का आधिकारिक बयान
यह दुखद घटना बुधवार शाम को व्यस्त समय (Peak Hours) के दौरान हुई। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान हेड कांस्टेबल अमित के रूप में हुई है, जो सिंघु बॉर्डर पर भारी ट्रैफिक को नियंत्रित कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया, "कल शाम करीब 6 बजे हेड कांस्टेबल अमित सिंघु बॉर्डर पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें तुरंत सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल (SRHC) ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर ली गई है।"
पुलिसिया कार्रवाई और कानूनी धाराएं
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेड कांस्टेबल अमित सड़क पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी चालक वाहन लेकर पुलिस नाके से तेजी से भाग निकला। अस्पताल ले जाए जाने के बावजूद डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। इस हिट-एंड-रन मामले के बाद अलीपुर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर तकनीकी निगरानी और जांच के आधार पर वाहन को ट्रैक कर दो आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
दिल्ली पुलिस ने मामले की प्रगति की पुष्टि करते हुए कहा, "थाना अलीपुर में हिट-एंड-रन की इस घटना के संबंध में बीएनएस (BNS) की धारा 281, 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में दो आरोपियों- कुलदीप और नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल वाहन को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। आगे की जांच और कानूनी औपचारिकताएं जारी हैं। कानून के मुताबिक जांच पूरी करने के लिए मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है।"
विभाग में शोक की लहर, पीड़ित परिवार को सहायता
हेड कांस्टेबल अमित के असमय निधन से दिल्ली पुलिस विभाग में शोक की लहर है। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ विभाग शोक संतप्त परिवार की हरसंभव मदद कर रहा है। पुलिस ने आगे बताया, "कानूनी कार्रवाई और आगे की तफ्तीश जारी है। सभी आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं और पीड़ित परिवार को सहायता प्रदान करने के लिए समन्वय किया जा रहा है। मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाया जा सके।" (भाषांतर: Ravi Pandey | इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: पीएफआई संस्थापक ई. अबूबकर की जमानत अर्जी तीसरी बार खारिज