दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार, बारिश ने दी राहत
नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण की समस्या से परेशान लोगों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में रविवार सुबह सुधार देखा गया, जब बारिश ने वायु में फैले प्रदूषण को कुछ हद तक कम कर दिया। अब AQI 150 पर पहुंच गया है, जो कि "मध्यम" श्रेणी में आता है।
दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल
बदलते मौसम ने तो सर्दी बढ़ा दी, लेकिन साथ ही प्रदूषण से राहत भी दिलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हवाओं की गति 10-15 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। रात के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है। इस समय तापमान 7.4°C है।
हटाया गया GRAP-III का प्रतिबंध
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने वायु गुणवत्ता में सुधार और पूर्वानुमान के आधार पर दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज III को हटा दिया है। हालांकि, लोगों से अपील की गई है कि वे स्टेज II और I के तहत नागरिक चार्टर का पालन करें, ताकि वायु गुणवत्ता और बिगड़े नहीं।
वायु प्रदूषण के श्रेणी
AQI के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI 'अच्छा', 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 'गंभीर' श्रेणी में आता है। अब दिल्ली में प्रदूषण में कमी के बाद लोगों को कुछ राहत मिली है, और वे उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम में सुधार और भी अधिक हो।