गुरुग्राम में पार्किंग विवाद को लेकर डिलीवरी बॉय से मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 41 वर्षीय नवीन के रूप में हुई है।
आरोपी ने एसयूवी से पीड़ित को कई बार मारी टक्कर
रेवाड़ी निवासी 43 वर्षीय पीड़ित टिंकू ने पुलिस को लिखित शिकायत दी जिसमें बताया कि वह एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है। टिंकू ने बताया कि 18 जनवरी को वह एक ई-कॉमर्स आउटलेट के बाहर अपनी बाइक के साथ खड़ा था। उसी दौरान काले रंग की एक एसयूवी में सवार व्यक्ति ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के एसयूवी में सायरन बजा रहा था। इसके बाद आरोपी ने वाहन दोबारा स्टार्ट किया और जानबूझकर उस पर चढ़ा दिया। आरोपी ने दो-तीन बार आगे-पीछे गाड़ी चलाकर उसे कुचलने की कोशिश की, जिससे वह घायल हो गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयुर्वेदिक डॉक्टर है आरोपी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयुर्वेदिक डॉक्टर के रूप में काम करता है और उसका घर भगत सिंह कॉलोनी की उसी गली में है, जहां ई-कॉमर्स स्टोर स्थित है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि डिलीवरी बॉय अक्सर सड़क के बीच में अपनी बाइक खड़ी कर देता था, जिससे उसे अपनी गाड़ी चलाने में परेशानी होती थी। इसी बात से नाराज आरोपी ने जानबूझकर डिलीवरी बॉय की बाइक को टक्कर मारी।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर गुरुग्राम के सेक्टर-10 थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/mere-abuse-not-an-offence-under-scst-act-without-caste-based-intent/105614