पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
रायबरेली: ऊंचाहार में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के छठवें दिन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शिरकत की। कथा स्थल पहुंचने पर कार्यक्रम के आयोजक और कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान विशाल जनसैलाब को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और सनातन संस्कृति के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
धार्मिक आयोजनों का सम्मान करती है भाजपा: मौर्य
सभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मनोज पांडे पहले समाजवादी पार्टी में थे, लेकिन अब वे भारतीय जनता पार्टी में आ चुके हैं। भाजपा में भारतीय संस्कृति, आस्था और धार्मिक आयोजनों का पूरा आदर-सम्मान किया जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सपा शासनकाल में इतना बड़ा धार्मिक आयोजन होता, तो श्रद्धालुओं को कथा सुनने के बजाय लाठियां खानी पड़तीं।
हर जिले में धार्मिक एकजुटता और तैयारी की आवश्यकता
राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए रामभक्तों ने लंबा संघर्ष किया और लाठियां सही हैं। आज राम मंदिर बनकर तैयार हो चुका है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा, "अयोध्या हुई हमारी है, अब काशी और मथुरा की बारी है।" इसके लिए हर जिले में इसी प्रकार की धार्मिक एकजुटता और तैयारी की आवश्यकता है।
सनातन विरोधियों को दी कड़ी चेतावनी
ऊंचाहार में जुटी भीड़ की तुलना प्रयागराज कुंभ से करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कथा में उमड़ा यह जनसैलाब कुंभ मेले की याद दिलाता है। यह भीड़ सनातन और हिंदू विरोधी राजनीति करने वालों को कड़ा संदेश दे रही है कि "अगर सत्संग सुनने वालों को छेड़ोगे, तो वे तुम्हें छोड़ेंगे नहीं।"
धार्मिक आयोजनों में भय का माहौल बर्दाश्त नहीं
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत का कोई भी हिस्सा ऐसा नहीं होना चाहिए, जहां कथा या धार्मिक आयोजन में डर का माहौल हो या लाठी-बम चलने का भय रहे। उन्होंने देशवासियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि धर्म और आस्था के प्रति समर्पित लोगों को किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- पानी निकासी के दौरान पोरसा जनपद सीईओ को गोली मारने की धमकी