मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला में हुए भीषण

देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट का मुख्य आरोपी मुकेश विज चीन से लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

Breaking News

देवास​। मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस और विशेष जांच दल (SIT) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और फैक्ट्री के असली मालिक मुकेश विज को चीन से लौटते ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया है। ब्लास्ट के बाद से ही आरोपी मुकेश विज फरार था और उसके विदेश भागने की खबर थी। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (Lookout Circular) जारी कर रखा था।

​चीन गया था पटाखा बनाने की मशीन खरीदने

चीन कनेक्शन: बताया जा रहा है कि हादसे के समय मुकेश विज चीन के ग्वांग्झू शहर में था (कथित तौर पर पटाखा बनाने की मशीनें खरीदने गया था)। जैसे ही वह भारत लौटा, एयरपोर्ट पर मुस्तैद सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस मामले में पुलिस अब तक मुकेश विज के भाई कपिल विज (जो दिल्ली से पकड़ा गया था) और फैक्ट्री के मैनेजर सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

​यह था पूरा मामला

​कुछ दिन पहले देवास के टोंककला में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री (जो कथित तौर पर एक वेयरहाउस में संचालित हो रही थी) में भीषण विस्फोट हुआ था। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के ढांचे भी ढह गए थे। इस लापरवाही पर कड़ा एक्शन लेते हुए प्रशासन ने पहले ही स्थानीय एसडीएम (SDM) और नायब तहसीलदार को सस्पेंड कर दिया है, और पूरे मामले की न्यायिक जांच चल रही है। पुलिस अब मुकेश विज को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिससे यह साफ हो सके कि प्रतिबंधित और रिहायशी इलाके में इतना भारी बारूद किसकी सह और राजनीतिक संरक्षण पर डंप किया गया था।

यह भी पढ़े: 13 साल की बच्ची से शादी, 13 पर FIR दर्ज