उत्तराखंड की 315 सड़कों को जल्द मंजूरी देने की मांग, CM धामी ने शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण और ग्राम्य विकास शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत सड़कों के निर्माण एवं प्रस्तावों की स्वीकृति के संबंध में चर्चा की।
315 सड़कों से 610 बसावटों को जोड़ने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 315 सड़कों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए हैं। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही स्थानीय निवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
<blockquote lang="hi" dir="ltr">नई दिल्ली में आदरणीय केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री @ChouhanShivraj जी से भेंट कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क संपर्क से वंचित बसावटों को जोड़ने तथा प्रदेश में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रदेश में 315 सड़कों के माध्यम से 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने की योजना पर चर्चा हुई। इन परियोजनाओं में 32 बड़े पुल भी शामिल हैं, जिन पर ₹2,700 करोड़ से अधिक की लागत प्रस्तावित है। माननीय केंद्रीय मंत्री जी ने इन परियोजनाओं को शीघ्र अंतिम स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, जंगली जानवरों से कृषि उपज की सुरक्षा हेतु घेरबाड़ की व्यवस्था, कृषि एवं मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना तथा किसानों को फार्म मशीनरी बैंक के माध्यम से आधुनिक कृषि यंत्र एवं उपकरण सहजता से उपलब्ध कराने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की। सभी विषयों पर सकारात्मक आश्वासन देने हेतु आदरणीय केंद्रीय मंत्री जी का हृदय से आभार।</p>— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) <a href="https://x.com/pushkardhami/status/2109619166856741077?ref_src=twsrc%5Etfw">October 12, 2026</a></blockquote> <script async src="https://platform.x.com/widgets.js" charset="utf-8"></script>
पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने इन प्रस्तावों को जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध करते हुए कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में सड़क संपर्क ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। सड़क सुविधा के विस्तार से सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड द्वारा प्रस्तुत सड़कों के प्रस्तावों को जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर फोकस
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों का निर्माण इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे ग्रामीण आबादी को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही प्रदेश के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें: हरिद्वार कुंभ मेला 2027: CM धामी ने किया आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण