मध्य प्रदेश के धार जिले के दसई गांव में गोवर्धन पू

धार के दसई गांव में धूमधाम से मनाया गया 'गाय गोहारी' पर्व, मवेशियों के पैरों तले लेटे श्रद्धालु

Villagers celebrating Gaay Gohari festival in Dhar

धार (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के धार जिले के दसई गांव में सोमवार को परंपरा और आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां दीपावली के ठीक अगले दिन मनाए जाने वाले पारंपरिक लोक उत्सव 'गाय गोहारी' के तहत दर्जनों श्रद्धालुओं ने जमीन पर लेटकर अपनी मन्नतें पूरी कीं। इस दौरान मवेशियों के झुंड उनके ऊपर से गुजरे। इस प्राचीन परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग एकत्र हुए।

भव्य तैयारियां और पूजन

पर्व की शुरुआत सोमवार सुबह तड़के से ही शुरू हो गई थी। अनुष्ठान से पहले मवेशियों को विशेष रूप से तैयार किया गया। गायों और बैलों को चमकीले रंगों, घंटियों और गेंदे के फूलों की मालाओं से सजाया गया। इसके बाद उन्हें विशेष चारा खिलाकर उनकी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने देश और समाज में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

मन्नत पूरी होने की मान्यता

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, यह अनूठा अनुष्ठान मन्नतें मांगने और उनके पूरा होने पर 'गौ माता' के प्रति आभार जताने का माध्यम है। जिन लोगों की मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं, वे जमीन पर पेट के बल लेट जाते हैं और उनके ऊपर से गायों तथा बैलों का झुंड निकाला जाता है। माना जाता है कि ऐसा करने से गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त होता है और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।

पूर्वजों के समय से चली आ रही परंपरा

इस प्राचीन परंपरा के बारे में विस्तार से बताते हुए स्थानीय निवासी रामप्रसाद परमार ने कहा कि गाय गोहारी उत्सव इसलिए मनाया जाता है क्योंकि हमारे पूर्वजों ने मन्नतें मांगी थीं। जब गांव में बारिश की कमी होती है या अच्छी फसल की कामना होती है, तब मन्नत मांगी जाती है। इसके अलावा मवेशियों के बीमार होने पर उनके इलाज के लिए भी मन्नत मांगी जाती है। यह उत्सव पूरे देश की भलाई और समृद्धि के लिए भी मनाया जाता है। इसमें लोग जमीन पर लेट जाते हैं और मवेशी उनके ऊपर से गुजरते हैं। हैरानी की बात यह है कि जमीन पर लेटे लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचता, उन्हें एक खरोंच तक नहीं आती और वे पूरी तरह सुरक्षित रहते हैं।

गहरी लोक आस्था का प्रतीक

धार जिले के दसई गांव में हर साल आयोजित होने वाला यह पर्व इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण इलाकों में आज भी प्राचीन लोक परंपराएं और धार्मिक आस्थाएं कितने गहरे तक जुड़ी हुई हैं। आधुनिक दौर में भी लोग अपनी संस्कृति को सहेजे हुए हैं और इस अनुष्ठान को पूरी निष्ठा के साथ निभाते आ रहे हैं। (इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकले ग्रामीण का नदी में मिला शव