डीडवाना में थाने से 100 मीटर दूर क्रेन की चपेट में

डीडवाना में दर्दनाक हादसा, क्रेन के टायर के नीचे फंसी महिला की मौत और चालक डिटेन

Didwana Accident: Woman Dies After Being Run Over by Crane

डीडवाना-कुचामन (राजस्थान)। पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। राह चल रही एक महिला को क्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला क्रेन के टायर के नीचे फंस गई और करीब 20 फीट तक घसीटती चली गई। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

क्रेन के टायर के नीचे फंसी महिला

जानकारी के अनुसार, खींचिया बासनी निवासी जुबैदा बानो राह से गुजर रही थीं। इसी दौरान एक क्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद महिला क्रेन के टायर के नीचे फंस गई और काफी दूर तक घसीटती चली गई। हादसे में जुबैदा बानो बुरी तरह कुचल गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद महिला को तत्काल राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान जुबैदा बानो की मौत हो गई। 

महिला की मौत से परिवार में मचा कोहराम

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद अस्पताल परिसर में भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डीडवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने क्रेन चालक को डिटेन कर थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

CCTV फुटेज से हादसे की जांच

बताया जा रहा है कि हादसे की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किस तरह हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही। हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

यह भी पढ़ें:   डीडवाना-कुचामन में 2.210 किलो अफीम बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार