SECL दीपका खदान में डीजल चोरी करते दो आरोपी गिरफ्त

दीपका कोयला खदान में डीजल चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और दो फरार

Diesel Theft in Deepka Coal Mine, Two Arrested and Two Flee

कोरबा (छत्तीसगढ़)। एसईसीएल (SECL) दीपका कोयला खदान क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस और सीआईएसएफ (CISF) ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। खदान से डीजल चोरी करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से डीजल से भरे ड्रम और एक कैम्पर वाहन जब्त किया है।

डीजल चोरी कर कैम्पर में भर रहे थे आरोपी

जानकारी के अनुसार, दीपका पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम को खदान क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की सूचना मिली थी। दबिश के दौरान आरोपी खदान परिसर में ड्रमों में डीजल भरकर कैम्पर वाहन में लोड करते पाए गए। सुरक्षा बलों को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई। टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों बुधमान बिंझवार और नवधा पटेल को दबोच लिया। ​पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी चुराए गए डीजल को आसपास के ट्रक चालकों को औने-पौने दाम पर बेचने की फिराक में थे।

कंपनी इंजीनियर और वेल्डर फरार

​इस गोरखधंधे में निजी कंपनी के कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई है। मामले में शामिल कंपनी का इंजीनियर नवीन साहू और वेल्डर चुनामणी कश्यप अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। ​दीपका थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है, वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम रवाना की गई है। 

यह भी पढ़ें:   यूपी के गोरखपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस विवाद के बाद अखिलेश यादव का बड़ा एक्शन, SP की पूरी कार्यकारिणी भंग