मिर्जापुर में जर्जर दीवार गिरी, बुजुर्ग दंपत्ति की मौत
मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव में बुधवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच जर्जर मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। घर में सो रहे बुजुर्ग दंपत्ति मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर से परिवार व रिश्तेदारों में मातम
मृतकों की पहचान रामाशंकर पुत्र झिंगुरी (70 वर्ष) और उनकी पत्नी अशोक कुमारी (65 वर्ष) के रूप में हुई। एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर फैलते ही परिवार व रिश्तेदारों में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम सब कुछ सामान्य था। परिवार रोज की तरह खाना खाया और इसके बाद सोने चले गए। बुजुर्ग दंपत्ति भी इस बात से पूरी तरह बेखबर थे कि जिस घर की चारदीवारी के भीतर वे खुद को सुरक्षित समझ रहे हैं, वही दीवार कुछ ही घंटों बाद उनके लिए काल बन जाएगी। देर रात अचानक जर्जर दीवार भरभराकर गिर पड़ी। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनते ही आसपास के लोगों की नींद खुल गई।
मलबे के नीचे बुजुर्ग दंपत्ति दबे
पड़ोसी भागकर मौके पर पहुंचे तो सामने का दृश्य देखकर दहल उठे। मलबे के नीचे बुजुर्ग दंपत्ति दबे हुए थे। हादसे की खबर गांव में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और दोनों को बचाने की कोशिश शुरू कर दी गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से मलबा हटवाकर रामाशंकर और अशोक कुमारी को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले जाया गया।
अस्पताल लाए जाने तक दोनों की मौत
परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि शायद समय रहते उपचार मिलने से दोनों की जान बच जाए, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उनकी उम्मीद टूट गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान अधीक्षक डॉ. आरएस वर्मा ने बताया कि अस्पताल लाए जाने तक दोनों की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ेंः लखीसराय में युवक का शव मिलने से सनसनी