सपा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर अभिव्यक्ति

डिंपल यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोलीं- अभिव्यक्ति की आजादी और छात्रों के मुद्दों को दबाया जा रहा

Dimple Yadav Targets BJP Over Free Speech, Education And Public Issues

नई दिल्ली। मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर हमला बोला। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सोशल मीडिया पर छात्रों और युवाओं की आवाज दबा रही है। डिंपल यादव ने शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा लीक और संसद में जनहित के मुद्दों पर चर्चा न होने को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

शिक्षा व्यवस्था और अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर सरकार पर निशाना

बुधवार को संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए श्रीमती डिम्पल यादव ने कहा कि देश में अभिव्यक्ति की आजादी है। यह सरकार उसी को मार देना चाहती है।सांसद डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पूरी शिक्षा व्यवस्था बर्बाद हो गई है। परीक्षाएं लीक हो जाती है। छात्रों-नौजवानों का भविष्य बर्बाद हो रहा है।  विपक्ष चाहता है कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी पर संसद में चर्चा हो। 

चंदा और चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग

डिंपल यादव ने कहा, भाजपा के संगी संगठनों ने जो चंदा और चढ़ावा चोरी की है, उस पर चर्चा हो। छात्रों-नौजवानों के साथ जो बर्बरता हुई है उस पर गृहमंत्री श्री अमित शाह संसद में जवाब दें। लेकिन भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती है। लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। भाजपा सरकार सदन नहीं चला रही है। 

महिला आरक्षण और नारी वंदन बिल को लेकर उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि नारी वंदन बिल को लेकर भी सरकार की मंशा ठीक नहीं थी। नारी वंदन बिल 2023 में पास हो चुका है। सरकार मौजूदा संख्या पर महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण क्यों नहीं लागू कर रही है। सरकार मौजूदा संख्या पर महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दे। परिसीमन बिल को लेकर समाजवादी पार्टी की जो राय पहले थी वही अब भी है।

यह भी पढ़ें:    जनेश्वर मिश्र जयंती पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, 2027 चुनाव और PDA को लेकर कही बड़ी बातें