डिंडोरी के बहेरा गांव में लापता वृद्ध महिला का शव

डिंडोरी में खेत के अंदर संदिग्ध हालत में मिली 65 वर्षीय वृद्ध महिला की लाश, खून से सना पत्थर मिलने से उठे सवाल

Dindori: Elderly Woman Found Dead in Field, Bloodstained Stone Recovered

डिंडोरी (मध्य प्रदेश)। डिंडोरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहेरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 65 से 70 वर्षीय वृद्ध महिला का शव गांव से कुछ दूरी पर खेत के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव की हालत देखकर ग्रामीणों और परिजनों के बीच सनसनी फैल गई। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन महिला की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घर से निकली महिला खेत में मृत मिली

जानकारी के मुताबिक ग्राम बहेरा निवासी कमलाबाई बनवासी मंगलवार को अपने घर से किसी काम के लिए निकली थीं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं। काफी देर तक महिला के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। महिला के बेटे सहित परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही थी। इसी दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि खेत के अंदर एक वृद्ध महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां कमलाबाई बनवासी का शव लहूलुहान अवस्था में खेत में पड़ा मिला। घटनास्थल पर शव के पास एक पत्थर भी खून से सना हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद मामला और भी संदिग्ध हो गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना की सूचना डिंडोरी कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। बुधवार को मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल डिंडोरी लाया गया। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वृद्ध महिला की मौत किस वजह से हुई और शरीर पर मिले चोट के निशान किस परिस्थिति में आए।

खून से सना पत्थर मिलने से मामला संदिग्ध

फिलहाल खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिलना और पास में खून से सना पत्थर बरामद होना कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या यह महज एक हादसा था या फिर घटना के पीछे कोई और वजह है? इन तमाम सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। वहीं, कमलाबाई की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन इस घटना की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:   सिंगरौली में 20 लाख नगद और 15 करोड़ के जेवर ले भागने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार