मैहर में शराब के नशे में पारिवारिक दोस्तों के बीच

मैहर में शराब के नशे में पारिवारिक दोस्तों के बीच विवाद, युवक के सिर पर फोड़ी बीयर की बोतल

पुलिस थाना, रामनगर

मैहर (मध्य प्रदेश)। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डागा गुलवार गांव में देर रात शराब पीने के दौरान पारिवारिक परिचितों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। कहासुनी के बाद एक युवक के सिर पर बीयर की कांच की बोतल से वार कर दिया गया। हमले में युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है।

साथ बैठकर कर रहे थे शराब का सेवन

प्राप्त जानकारी के अनुसार डागा गुलवार गांव में पारिवारिक पाटीदारों और मित्रों के बीच बैठकर बीयर का सेवन किया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक युवक ने शरस पटेल के सिर पर बीयर की कांच की बोतल से वार कर दिया। बोतल सिर पर लगते ही टूट गई, जिससे कांच से सिर और चेहरे पर चोटें आईं और घायल को काफी रक्तस्राव हुआ।

सिर पर गंभीर चोट, अस्पताल में लगाए टांके

घटना के बाद परिजन और आसपास मौजूद लोग घायल शरस पटेल को उपचार के लिए सीएचसी रामनगर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए सिर के घावों पर टांके लगाए। हालांकि चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद रामनगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा विवाद के कारणों और हमले में शामिल व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस की जांच और घाय​ल के बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः महुआ बीनने के विवाद में हत्या के आरोपी राकेश ध्रुवे को 7 साल की सजा, 5 हजार जुर्माना