शिवपुरी में BJP विधायक प्रीतम लोधी और SDOP आयुष जाखड़ के बीच विवाद गरमाया
शिवपुरी। पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी और करैरा के एसडीओपी (SDOP) डॉ. आयुष जाखड़ के बीच एक सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। विधायक प्रीतम लोधी का अपने बेटे दिनेश लोधी के बचाव में पुलिस अधिकारी को धमकी दी थी।
यह है पूरा मामला
विवाद की शुरुआत 16 अप्रैल को हुई। पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी की 'थार' गाड़ी ने करैरा में राहगीरों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन से पांच लोगों के घायल होने की खबर है।
एसडीपीओ ने की कानूनी कार्रवाई
आरोप है कि दिनेश लोधी गाड़ी चला रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया और करैरा के एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ ने दिनेश लोधी को पूछताछ के लिए थाने तलब किया। खबरों के अनुसार, पुलिस ने गाड़ी पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म, सायरन और बिना नंबर प्लेट के नियमों के उल्लंघन को लेकर भी कार्रवाई की।
विधायक ने पुलिस अधिकारी को दी खुली चुनौती
मामला तब और बिगड़ा जब विधायक प्रीतम लोधी ने एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ पर गंभीर आरोप लगाए। विधायक का आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने पूछताछ के दौरान उनके बेटे दिनेश को धमकाते हुए कहा कि वह भविष्य में करैरा न आए और न ही वहां चुनाव लड़े। इस बात से खफा विधायक प्रीतम लोधी बेहद आक्रामक अंदाज में एसडीओपी को चुनौती दी। एसडीओपी साहब, करैरा क्या तुम्हारे डैडी का है? वह (मेरा बेटा) करैरा आएगा भी और चुनाव भी लड़ेगा, तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। अपनी औकात और कानून के दायरे में रहो, हमारा इतिहास भी देख लेना।
पार्टी ने लिया मामले का संज्ञान
विधायक के इस बयान के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पुलिस की कार्यप्रणाली और विधायक के इस तीखे बयान पर चर्चाएं तेज हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला पार्टी आलाकमान तक पहुँच गया है और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया है।
विधायक व पुलिस में टकराव
फिलहाल, क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है, जहाँ एक ओर सड़क सुरक्षा और नियमों के उल्लंघन का मामला है, वहीं दूसरी ओर सत्ताधारी दल के विधायक और पुलिस प्रशासन के बीच का यह टकराव एक बड़ा मुद्दा बन गया है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/piyush-goyal-on-india-us-trade-deal-best-deal-compared-to-neighbouring/131831