दो मुस्लिम बहनों के निकाह पर नामों को लेकर विवाद, पुलिस से मांगी सुरक्षा
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह में दो मुस्लिम बहनों के निकाह को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामला दूल्हों के नामों से जुड़ा है। जिन दो भाइयों से बहनों का निकाह होना है, उनके नाम हिंदू परंपरा के अनुसार हैं। हालांकि, बहनों का कहना है कि दोनों युवक मुस्लिम हैं और उनके परिवार में कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। इसी बात को लेकर कुछ लोगों द्वारा शादी में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। बहनों ने पुलिस से शादी समारोह के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। मोहल्ला अनारकली निवासी दोनों सगी बहनों ने गंगोह कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनके माता-पिता ने दोनों की शादी 12 नवंबर 2026 को तय की है। निकाह समारोह के लिए मोहल्ला मोहम्मद गौरी स्थित बड़े कब्रिस्तान के निकट एक गार्डन बुक कराया गया है।
दूल्हों के नामों को लेकर विरोध का आरोप
बहनों के मुताबिक, जिन दो भाइयों से उनका निकाह होना है, उनके नाम हिंदू परंपरा के अनुसार रखे गए हैं। हालांकि, दोनों युवक मुस्लिम हैं और उनके परिवारों में कई पीढ़ियों से इसी तरह नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। आरोप है कि कुछ लोग इसी बात को मुद्दा बनाकर शादी का विरोध कर रहे हैं और समारोह रुकवाने का दबाव बना रहे हैं। तहरीर में बहनों ने आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने गार्डन मालिक को फोन कर शादी का कार्यक्रम रद्द करने की धमकी दी। फोन करने वाले ने कथित तौर पर कहा कि यदि शादी समारोह होने दिया गया तो रोहित प्रधान को बुलाकर हंगामा करा दिया जाएगा। बहनों का कहना है कि इस फोन के बाद गार्डन मालिक भी समारोह कराने से पीछे हटने लगा है, जिससे उनकी शादी की तैयारियों पर संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
पीड़ित बहनों ने पुलिस से मांग की है कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही 12 नवंबर को होने वाला निकाह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। इस मामले में सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। फोन कॉल और धमकी देने के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: शॉर्ट सर्किट से मकान और दुकान में लगी आग, 10 लाख का नुकसान