मंडला में पहली बारिश में बहा पुलिया का डायवर्टेड मार्ग, सैकड़ों ग्रामीणों और छात्रों की बढ़ी परेशानी
मंडला,(मध्यप्रदेश)। जिले की ग्राम पंचायत ढेंकों में निर्माणाधीन पुलिया का डायवर्टेड मार्ग पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे 8 से 10 गांवों के करीब 250 से 300 स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड भी नहीं
ग्रामीणों का आरोप है, कि लगभग 75 लाख रुपये की लागत से बन रही पुलिया के निर्माण में गुणवत्ता का अभाव है। निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे कार्य की लागत, एजेंसी और समय-सीमा की जानकारी सार्वजनिक नहीं है।
हादसे का खतरा लगातार बढ़ा
डायवर्टेड मार्ग बह जाने से पुलिया में बड़े गड्ढे बन गए हैं और हादसे का खतरा लगातार बढ़ रहा है। किसानों ने जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से खेतों में जलभराव की शिकायत भी की है।ग्रामीणों के अनुसार शिकायत के बाद विभागीय अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा पुल निर्माण पूर्ण होने तक सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराया टोटो; एक ही परिवार के 10 लोग घायल