प्रेरणा स्थल पर जले आशीर्वाद के दीये, सीएम योगी ने शुरू किया सेवा संकल्प अभियान
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल पर आशीर्वाद के दीये कार्यक्रम और सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर दीप जलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद छात्रों के साथ संवाद किया, मोबाइल से वीडियो बनाया और बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की।
करोड़ों दीपों से प्रज्ज्वलित हुआ सकारात्मक भाव
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की, साथ ही प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा पूजन की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश विकसित भारत की संकल्पना की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पीएम के जन्मदिन पर आज देशभर में करोड़ों दीप सकारात्मक भाव और ऊर्जा के साथ प्रज्ज्वलित हो रहे हैं। राष्ट्र प्रेरणा स्थल के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों और लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप जलाए जा रहे हैं।
नए भारत के शिल्पी हैं प्रधानमंत्री मोदी
भगवान विश्वकर्मा की जयंती का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने उन्हें सृष्टि का शिल्पी बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए भारत का शिल्पी की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई पहचान बनाई है। आज भारत नई पहचान, नए इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक तकनीक में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। आत्मनिर्भर और विकसित भारत की इस विकास यात्रा में उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता पूरी मजबूती के साथ प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है। इस कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने देश को नक्सलवाद से दिलाई मुक्ति, जम्मू-कश्मीर से हटाया अनुच्छेद 370: राजनाथ सिंह