मऊगंज अस्पताल की बड़ी लापरवाही, डॉक्टर न मिलने पर माली ने लगाए मरीज के सिर में टांके
मऊगंज: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली की एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। अस्पताल में डॉक्टरों और प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ की अनुपस्थिति के कारण एक माली घायल मरीज के सिर में टांके लगाता नजर आया।
अस्पताल में नहीं था कोई डॉक्टर और ड्रेसर
मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिनों पूर्व जमीनी विवाद में घायल हुए छोटेलाल कोल इलाज कराने नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई भी डॉक्टर या ड्रेसर मौजूद नहीं था। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल में कार्यरत माली जानकी कुशवाहा ने खुद हाथों में ग्लब्स पहने और मरीज के सिर पर टांके लगाने शुरू कर दिए।
मरीज के सिर में सुई फंसी छोड़कर फरार हुआ माली
चौंकाने वाली बात तब हुई जब अस्पताल परिसर में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनता देख माली घबरा गया और मरीज के सिर में सुई फंसी छोड़कर मौके से भाग गया। इसके बाद मरीज दर्द से काफी देर तक तड़पता रहा। कुछ देर बाद माली वापस लौटा और उसने टांके लगाने की प्रक्रिया पूरी की।
पूरे अस्पताल में सिर्फ एक डॉक्टर
स्थानीय नागरिक सुमन सिंह ने अस्पताल की लाचार व्यवस्था पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि लगभग 84 पंचायतों और 3 लाख की आबादी वाले इस ब्लॉक का यह मुख्य अस्पताल खुद बीमार है। पूरे ब्लॉक के लिए दिन के समय केवल एक डॉक्टर उपलब्ध रहता है, जबकि रात के समय स्थिति पूरी तरह लावारिस हो जाती है।
ये भी पढ़ें- वाराणसी में 6 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप, चॉकलेट का लालच देकर आरोपी करता था परेशान