अस्पताल में घुसा कुत्ता, 4 लाख के गहनों से भरा बैग लेकर हुआ फरार! CCTV से ऐसे मिला सामान
मंदसौर {मध्यप्रदेश}: मध्यप्रदेश में अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सरकार लाखों रुपये खर्च करती है। सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाते हैं, CCTV कैमरे लगाए जाते हैं, ताकि अस्पताल में आने वाले मरीज और उनके परिजन सुरक्षित रहें। लेकिन मंदसौर जिला अस्पताल से सामने आई घटना ने इन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला सोमवार सुबह करीब 4 बजे का है। जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे एक मरीज के परिजन का गहनों से भरा बैग एक कुत्ता उठाकर भाग गया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 4 लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवरात रखे हुए थे। परिजन अस्पताल परिसर में मौजूद थे, इसी दौरान कुत्ता बैग उठाकर वहां से निकल गया।
CCTV फुटेज से सामने आया पूरा मामला
बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने जिला अस्पताल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में पूरा मामला सामने आया। कुत्ता बैग लेकर अस्पताल परिसर से बाहर जाता दिखाई दिया।
अलग-अलग CCTV कैमरों से ट्रेस की गई दिशा
इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की मदद से कुत्ते की दिशा और लोकेशन को ट्रेस किया। पुलिस की लगातार निगरानी के बाद आखिरकार गहनों से भरा बैग बरामद कर लिया गया। बैग के अंदर रखे जेवरात भी सुरक्षित मिले। पुलिस ने बरामद जेवरात परिजनों के सुपुर्द कर दिए।
जेवर मिलने के बाद परिजनों ने ली राहत की सांस
लाखों रुपये के जेवर वापस मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। लेकिन अब इस पूरे मामले ने मंदसौर जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल ये है कि जब अस्पताल की सुरक्षा के लिए लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं और सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं, तो एक कुत्ता अस्पताल परिसर में प्रवेश करके लाखों रुपये के जेवरों से भरा बैग उठाकर बाहर कैसे निकल गया?
अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों की मौजूदगी पर सवाल
अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों का घूमना भी चिंता का विषय है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल जैसी जगह पर इस तरह की लापरवाही किसी भी समय बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। फिलहाल पुलिस की तत्परता से लाखों रुपये के जेवर बरामद हो गए हैं, लेकिन इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और आवारा कुत्तों की रोकथाम को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: सीतापुर जिला अस्पताल में शौचालय परिसर में रखी मिली मरीजों के भोजन की सामग्री, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल