डोंगरगढ़ में कांग्रेस ने चक्काजाम कर भारी वाहनों प

डोंगरगढ़ में कांग्रेस का चक्काजाम, बाईपास निर्माण और भारी वाहनों पर रोक की मांग

Dongargarh: Congress Stages Road Block

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। जिले के डोंगरगढ़ शहर में कांग्रेस पार्टी ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने, लंबे समय से लंबित बाईपास सड़क का निर्माण कराने तथा प्रस्तावित परिक्रमा पथ निर्माण को तत्काल बंद करने की मांग उठाई। हाई स्कूल चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान डोंगरगढ़-खैरागढ़ स्टेट हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।

बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता

प्रदर्शन में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवाज खान, जिला महामंत्री विजय राज सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में लगातार बढ़ते सड़क हादसों का मुख्य कारण भारी वाहनों की आवाजाही है, इसलिए बाईपास सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना चाहिए।

परिक्रमा पथ निर्माण पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शहर को बाईपास सड़क की जरूरत है, लेकिन इसके बजाय परिक्रमा पथ निर्माण की कवायद की जा रही है। उनका आरोप है कि इससे कुछ भू-माफियाओं को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना

धरना स्थल पर पहुंचे डोंगरगढ़ एसडीएम एम. भार्गव ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद कांग्रेस ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

यह भी पढ़े: सपा विधायक जयप्रकाश अंचल का योगी सरकार पर हमला, बोले- निष्पक्ष नहीं, चोरों को बचाने में जुटी है बीजेपी