विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने बुधवार को जिला चिक

राजनांदगांव जिला अस्पताल में डॉ. रमन सिंह ने ₹6.42 करोड़ के उन्नयन कार्य का किया लोकार्पण

Dr Raman Singh Inaugurates ₹9.28 Crore Health Infrastructure Projects

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने बुधवार को जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में 6 करोड़ 42 लाख 70 हजार रुपये की लागत से किए गए प्लिंथ अपग्रेडेशन एवं उन्नयन कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही 2 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन भी किया।

स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने पर दिया जोर

इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मजबूत अधोसंरचना विकसित की गई है और जिला चिकित्सालय तथा मेडिकल कॉलेज के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए जिले में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

नई सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की घोषणा

उन्होंने जिला चिकित्सालय को और अधिक सुविधाओं से लैस करने की बात कहते हुए छत मरम्मत, लिफ्ट सुधार, डीएमएफ मद से दो स्त्री रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति, डेंटल एक्स-रे मशीन तथा अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की घोषणा की। सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि जिला चिकित्सालय का नया स्वरूप जिलेवासियों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समन्वय और निगरानी पर फोकस

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को बेहतर समन्वय और समयबद्ध तरीके से कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे मातृ मृत्यु दर में कमी आई है। कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पंकज लुका, सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र प्रसाद सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: DMD से जंग लड़ रहे गर्वित का सपना हुआ सच, एक दिन के लिए बने जिला कलेक्टर