कुसमुंडा खदान में दर्दनाक हादसा, भारी वाहन की चपेट में आने से चालक की मौत; मुआवजे की मांग तेज
कोरबा {छत्तीसगढ़}: उर्जाधानी कोरबा के कुसमुंडा कोयला खदान क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खदान के रोड सेल क्षेत्र में एक भारी वाहन की चपेट में आने से 29 वर्षीय चालक की मौत हो गई। घटना के बाद खदान कर्मचारियों में आक्रोश है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायल चालक ने अस्पताल में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, यह हादसा देर रात उस समय हुआ जब कुसमुंडा खदान के रोड सेल में वाहन लोडिंग के लिए खड़े थे। इसी दौरान एक अज्ञात भारी वाहन ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर तड़पता रहा। वहां मौजूद सहकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मध्य प्रदेश का रहने वाला था मृतक
मृतक चालक की पहचान 29 वर्षीय प्रेमसिंह ध्रुव के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के बिंझरा का निवासी था। हादसे की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन मध्य प्रदेश से कोरबा पहुंचे। फिलहाल शव को जिला मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखा गया है। मृतक के बड़े भाई बलिराम ने बताया कि पुलिस ने केवल इतना बताया था कि उनके भाई का एक्सीडेंट हुआ है। सूचना मिलते ही वे कोरबा पहुंचे, लेकिन हादसा कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) लखन पटले ने बताया कि कुसमुंडा खदान के रोड सेल में लोडिंग के लिए एक वाहन आया हुआ था। इसी दौरान युवक घायल अवस्था में मिला। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद कुसमुंडा खदान में कार्यरत कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। सहकर्मियों और परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े: जीपीएम में युवा कांग्रेस चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूरी, जिलाध्यक्ष पद के लिए 7 दावेदार मैदान में