सिंगरौली की कोयला खदान में बड़ा हादसा, 100 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन; चालक की मौत
सिंगरौली {मध्यप्रदेश}: जिले के नवानगर थाना क्षेत्र स्थित अमलोरी कोयला खदान में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। रिलायंस कंपनी की कोल माइंस में ड्यूटी के दौरान एक होलपैक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चालक वीरेंद्र यादव तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच अपनी ड्यूटी पर था। इसी दौरान वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीम
घटना की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक चालक वीरेंद्र यादव की मौत हो चुकी थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से बाहर निकालने के प्रयास भी शुरू कर दिए गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर नवानगर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद एक बार फिर खदान की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में खदान क्षेत्र में कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा मानकों को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं।
मेंटेनेंस में लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि मशीनों और वाहनों के रखरखाव में लापरवाही भी हादसों की एक वजह हो सकती है। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना के बाद मृतक के परिजन कंपनी के मुख्य द्वार पर पहुंचे और उचित मुआवजे की मांग की। वहीं, पुलिस और कंपनी प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
यह भी पढ़े: सीतापुर में ‘जीरो डोज’ बच्चों पर विशेष फोकस, टीकाकरण से छूटे बच्चों की होगी पहचान