रीवा के स्कूल के पास कथित नशे का कारोबार! बच्चों तक पहुंचा गांजा-शराब, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
रीवा {मध्यप्रदेश}: जिले के जनपद पंचायत रीवा अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरैनी 379 खमरिया में अवैध नशीले पदार्थों, गांजा, शराब, कोरेक्स एवं प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की कथित बिक्री से ग्रामीण और स्थानीय लोग परेशान हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर पुरैनी ग्राम पंचायत के सरपंच कई ग्रामीणों और महिलाओं के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
स्कूल के पास कथित नशे का कारोबार
सरपंच ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि ग्राम खमरिया स्थित माध्यमिक शाला के पास कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम शराब, गांजा, तंबाकू और कोरेक्स जैसी नशीली वस्तुओं की बिक्री कर रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि नशे के इस कथित कारोबार का असर छोटे बच्चों तक पहुंच रहा है। उनका कहना है कि 5 से 10 वर्ष तक के बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। साथ ही आरोप है कि नशे की लत पूरी करने के लिए कुछ बच्चे घरों से पैसे और सामान की चोरी करने लगे हैं, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है।
शिक्षक और ग्रामीण भी परेशान
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल के पास चल रही इस कथित गतिविधि से शिक्षक, स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान हैं। उनका कहना है कि इससे बच्चों की पढ़ाई और गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
विरोध पर हमले का आरोप
सरपंच ने आरोप लगाया कि चार दिन पहले जब गांव की महिलाओं ने कथित नशा तस्करों को अवैध बिक्री करने से रोका, तब 5 से 7 चार-पहिया वाहनों में सवार हथियारबंद लोग गांव पहुंचे और हमला करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस को सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
सख्त कार्रवाई की मांग
सरपंच ने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' के तहत मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े: शिवपुरी में सड़क किनारे मिला युवक का शव! परिजनों ने जताई हत्या की आशंका