कफ सिरप के नाम पर नशे के कारोबार का खुलासा, कंपनी के निदेशक समेत चार के खिलाफ एफआईआर
cough syrup : राजधानी लखनऊ से देश व प्रदेश के अन्य हिस्सों में कफ सिरप के नाम पर नशे का कारोबार करने का मामला प्रकाश में आया है। उत्तर प्रदेश के औषधि विभाग ने "कोडीन" युक्त कफ सिरप बनाकर नशे के लिए बेचने वाली कंपनी के निदेशक समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
औषधि निरीक्षकों की टीम ने 11 अक्टूबर को लखनऊ से बड़ी मात्रा में "कोडीन" युक्त सिरप पकड़ा था। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित "आर्पिक फार्मास्यूिटिकल प्राइवेट लिमिटेड" और "ईधिका लाइफसाइंस प्राइवेट लिमिटेड" के गोदाम से करोड़ों का कोडीन युक्त सिरप पकड़ा था। मौके पर मिले सुरागों से सिरप को नशे के लिए बेचने का खुलासा हुआ था। इसके बाद पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। जांच में पता चला कि उत्तराखंड के हरिद्वार की फर्म "ग्लोबिन फार्मास्यूटिकल एवं मार्केटिंग" और "आर्पिक फार्मास्यूटिकल प्राइवेट लिमिटेड" के बीच संबंध हैं। दोनों फर्मों ने सिरप में मानक के विपरीत वाणिज्यिक शुगर का प्रयोग किया। यह सेहत के लिए हानिकारक है। साथ ही इसकी आपूर्ति नशे के लिए की जा रही थी।
लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई
औषधि विभाग ने शनिवार को इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। औषधि निरीक्षक विवेक कुमार सिंह ने "आर्पिक फार्मास्यूटिकल प्राइवेट लिमिटेड" एवं "ईधिका लाइफ साइंसेज" के निदेशक गुजरात के अहमदाबाद निवासी मनोहर लाल राम प्रसाद जायसवाल, पत्नी अर्चना मनोहर जायसवाल, वाराणसी के रामकटोरा निवासी बेटी आकांक्षा गुप्ता और एक अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने नशे के लिए कोडीन युक्त सिरप की आपूर्ति व बिक्री करने को लेकर रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों में कंपनी के निदेशक की पत्नी और बेटी भी शामिल है। जांच से स्पष्ट हुआ है कि कफ सिरप की आपूर्ति यूपी के जिलों के अलावा प. बंगाल और बिहार में भी होती थी।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/the-21st-installment-of-kisan-samman-nidhi-may-be-released-this-month/97083