बरगवां बाजार में सिगरेट न देने पर नशेड़ियों ने दुकानदार को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल
सिंगरौली (मध्यप्रदेश)। सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य बाजार में देर रात बदमाशों ने एक दुकानदार की जमकर पिटाई कर दी। नशे में धुत चार बदमाशों ने पहले सिगरेट मांगी और फिर दुकानदार द्वारा मना किए जाने पर उसे बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
सिगरेट को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक दुकान की है। देर रात चार युवक दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से सिगरेट मांगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी चारों हमलावर शराब के नशे में पूरी तरह चूर थे। जब दुकानदार ने उन्हें सिगरेट देने से मना किया या किसी बात को लेकर बहस हुई, तो बदमाशों ने अपना आपा खो दिया। देखते ही देखते आरोपियों ने दुकान के अंदर घुसकर दुकानदार पर लात-घूंसों की बरसात कर दी।
वायरल वीडियो में दिखी बदमाशों की दबंगई
बेखौफ होकर चारों बदमाश दुकानदार को घसीट रहे हैं और उसे लात-घूंसों से मार रहे हैं। बीच-बचाव करने की कोशिश में भी वे नहीं रुके। घटना के बाद घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले पर बरगवां थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की टीम उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: सिंगरौली में घर में घुसा अनियंत्रित ट्रेलर: बाहर सो रहे युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम