डंपर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पति-पत्नी और बेटी की मौत
MP News : ग्वालियर। शहर में गुरुवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी 18 वर्षीय बेटी को पीछे से टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
परीक्षा केंद्र जाते वक्त हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक दंपती उत्तर प्रदेश से अपनी बेटी को JEE मेन परीक्षा दिलाने के लिए ग्वालियर आए थे। परीक्षा केंद्र की ओर जाते समय हादसा हुआ। घटना रतवाई क्षेत्र स्थित बिजली थाना इलाके में घटित हुई।
अफरा-तफरी के बीच पुलिस को सूचना
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और डंपर चालक को हिरासत में ले लिया।
हादसे में ये हैं मृतक
बेहट एसडीओपी मनीष यादव ने बताया मृतकों में 45 वर्षीय चंद्रपाल जाटव (किसान),40 वर्षीय पत्नी,और 18 वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। परिवार की बेटी पढ़ाई में होनहार थी और JEE मेन परीक्षा देने ग्वालियर आई थी।
पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया
पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में डंपर की तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है। घटना से शोक की लहर फैल गई है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/azam-khan-his-wife-and-son-resign-from-the-jauhar-trust/106074