चौबेपुर थाना क्षेत्र के बार्थरा कला (टड़िया) गांव

डंपर की चपेट में आने से नौवीं की छात्रा की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क किया जाम

Dumper Hits Class 9 Student, Villagers Block Road

वाराणसी {उत्तर प्रदेश}: चौबेपुर थाना क्षेत्र के बार्थरा कला (टड़िया) गांव निवासी 16 वर्षीय छात्रा रोशनी की मंगलवार सुबह डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा सरैया विशुनपुरा में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के सामने हुआ। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोककर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने डंपर को भी कब्जे में ले लिया है।

स्कूल जाते समय हुआ हादसा

रोशनी राजेश कुमार की पुत्री और श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। बिशनपुरा पहुंचने पर वह डंपर की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद चालक को पकड़ा

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और डंपर चालक को पकड़ लिया। लोगों ने चालक की पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद परिजन छात्रा का शव लेकर जाल्हूपुर बाजार पहुंचे और चंद्रा-बलुआ रोड पर विद्यालय के सामने रखकर सड़क जाम कर दी।

स्कूल के सामने प्रदर्शन

परिजनों का आरोप है कि हादसे की सूचना मिलने के बाद भी विद्यालय की ओर से कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इसी बात से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना पर चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चौबेपुर और चोलापुर पुलिस के अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराने और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर डटे रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। चालक और डंपर को कब्जे में ले लिया गया है।

चार बहनों में सबसे बड़ी थी रोशनी

रोशनी चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।

यह भी पढ़ेंरायबरेली में बेखौफ नौनिहाल, शारदा नहर के बेहटा पुल से मौत की छलांग, जानलेवा स्टंट का वीडियो वायरल