नालवाड़ा हत्याकांड पर वरदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
डूंगरपुर (राजस्थान)। डूंगरपुर जिले के वरदा थाना पुलिस ने नालवाड़ा गांव में हुए चर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मामले के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को नालवाड़ा निवासी प्रार्थी नगजी (70) पुत्र कचरा डामोर ने वरदा थाने में रिपोर्ट दी थी। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे उनका पोता कन्हैयालाल (19) घर के आंगन में खाट पर सोया हुआ था। इसी दौरान गांव का ही आरोपी महिपाल (26) पुत्र नानूराम परमार जान से मारने की नीयत से आया और कन्हैयालाल के सिर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल कन्हैयालाल को तत्काल सामान्य अस्पताल डूंगरपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे महाराणा भूपाल अस्पताल उदयपुर रेफर कर दिया गया। उदयपुर में इलाज के दौरान कन्हैयालाल कोमा में चला गया था और 26 जुलाई को उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में प्रारंभ में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इलाज के दौरान कन्हैयालाल की मौत हो जाने पर पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया। वरदा थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
परिजनों ने जताया पुलिस कार्रवाई पर संतोष
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिपाल को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की। पुलिस की त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई से संतुष्ट होकर मृतक कन्हैयालाल के परिजनों ने बिना किसी कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़े, शांतिपूर्ण तरीके से शव का अंतिम संस्कार किया।
यह भी पढ़ें: सिरोही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रेवल्स बस से स्कॉच शराब के 10 कार्टन जब्त; तस्कर गिरफ्तार