डूंगरपुर में 25 किलो से अधिक गांजे के पौधे जब्त, 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
डूंगरपुर (राजस्थान)। पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत चौरासी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वासुआ गांव में गांजे की खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने खेत में उगे हरे गांजे के पौधे जब्त कर 62 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर वासुआ गांव में पुलिस की दबिश
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वासुआ गांव में एक खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना पर चौरासी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां खेत में गांजे के हरे पौधे उगे मिले। खेत में मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपनी पहचान डूंगर ननोमा, निवासी वासुआ, थाना चौरासी के रूप में बताई।
आरोपी ने गांजे की खेती करना स्वीकारा
आरोपित ने खेत में गांजे के पौधे स्वयं उगाना स्वीकार किया। पौधों की जांच के दौरान उनके गांजा होने की पुष्टि हुई। इनकी ऊंचाई करीब छह से आठ फीट तक थी। खेती के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपित कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने खेत में उगे गांजे के पौधों को उखड़वाकर जब्त किया और इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराया। पुलिस के अनुसार, कुल 25 किलो 345 ग्राम हरा गीला गांजा बरामद किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें: बिजनौर में जादू-टोना कर महिलाओं के सोने के कुंडल लूटने वाले गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार