अब राजस्थान के नागरिक व्हाट्सऐप के जरिए घर बैठे ही

ई-मित्र सेवाएं अब व्हाट्सऐप से जुड़ीं, घर बैठे मिलेंगी सरकारी सुविधाएं

E-Mitra Services Now Linked with WhatsApp for Doorstep Government Facilities in Rajasthan

झालावाड़,(राजस्थान)। राजस्थान सरकार ने डिजिटल गवर्नेंस को नई गति देते हुए ई-मित्र सेवाओं को अब वाट्सऐप से जोड़ दिया है। इस नवाचार के साथ अब झालावाड़ जिले के आमजनों को घर बैठे ही कई महत्वपूर्ण सरकारी सेवाओं का लाभ मिलने लगेगा। सरकार की इस पहल से आमजन का समय बचेगा, सरकारी कार्यालयों के चक्कर कम लगेंगे और सेवाएं पहले से अधिक सरल, पारदर्शी व सुलभ बनेंगी। 

2004 में ई-गवर्नेंस परियोजना के तहत ई-मित्र प्लेटफॉर्म की शुरुआत

राजस्थान सरकार ने वर्ष 2004 में ई-गवर्नेंस परियोजना के तहत ई-मित्र प्लेटफॉर्म की शुरुआत की थी। वर्तमान में इसके माध्यम से प्रदेशभर में सैकड़ों सरकारी एवं नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब डिजिटल सुविधा का विस्तार करते हुए कई महत्वपूर्ण सेवाओं को सीधे वाट्सऐप प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया गया है, जिससे मोबाइल फोन के जरिए ही सरकारी कार्य आसानी से किए जा सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत नागरिक मूल निवास, जाति, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र तथा राशन कार्ड से संबंधित दस्तावेज डाउनलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही बिजली और पानी के बिलों का भुगतान, मूल निवास, जाति एवं ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन, आवेदनों की स्थिति की जानकारी, जन आधार डाउनलोड तथा पुलिस विभाग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ भी वाट्सऐप के माध्यम से लिया जा सकेगा।

जारी किया वाट्सऐप नंबर

इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए नागरिकों को केवल ई-मित्र के आधिकारिक वाट्सऐप नंबर 9461062705 पर "HI" लिखकर संदेश भेजना होगा। इसके बाद उपलब्ध विकल्पों में अपनी आवश्यक सेवा का चयन कर पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकेगी। सरकार का मानना है कि वाट्सऐप जैसे लोकप्रिय डिजिटल माध्यम के जरिए सेवाएं उपलब्ध कराने से आमजन को सरकारी कार्यालयों और ई-मित्र केंद्रों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी, वहीं सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। 

ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को इस सुविधा का बड़ा लाभ

विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को इस सुविधा का बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि वे अपने मोबाइल से ही कई आवश्यक सरकारी सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे। टीओआईटी विभाग झालावाड़ के अधिकारी अंकुर शर्मा ने बताया कि इस सुविधा से दूर दराज में बैठे ग्रामीणों को अरमित्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

यह भी पढ़ेंः मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को कुचला, दोनों की मौत