दिल्ली पुलिस ने आउटर नॉर्थ जिले में 26 वर्षीय ई-रि

दिल्ली में ई-रिक्शा चालक की हत्या, पुलिस ने 5 आरोपियों को पकड़ा

E-Rickshaw Driver Killed in Delhi, 5 Accused Arrested

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने आउटर नॉर्थ जिले में 26 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अभिषेक की हत्या के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभिषेक पर 12 सितंबर की रात चाकू से हमला किया गया था।

CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

आउटर नॉर्थ जिले के अतिरिक्त DCP-I लोकेश्वरन आर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज खंगाली गई। जांच में सामने आया कि वारदात में 5 संदिग्ध शामिल थे। इसके बाद ACP के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चाकू, बाइक और स्कूटी बरामद

पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा आरोपियों से जुड़ी एक बाइक और एक स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है। सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।

कंझावला में नवजात का सिर कटा शव मिला

वहीं, दिल्ली के कंझावला इलाके में एक श्मशान घाट के पास नवजात शिशु का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, शव मुबारकपुर डबास स्थित श्मशान घाट के गेट के पास मिला। पुलिस ने बच्चे के सिर की तलाश और मौत की वजह का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की हैं। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

(ANI)

ये भी पढ़ें: दुकान पर बैठे दुकानदार को पिस्टल की नोक पर धमकाने और मारपीट करने का वीडियो वायरल