उत्तराखंड के UKSSSC पेपर लीक मामले में ED का बड़ा

UKSSSC पेपर लीक के मास्टरमाइंड पर ED का शिकंजा, ₹63.30 लाख की संपत्ति कुर्क

File Photo

देहरादून (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के बहुचर्चित UKSSSC पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने बड़ी कार्रवाई की है। देहरादून सब-जोनल कार्यालय ने PMLA के तहत मुख्य आरोपी हाकम सिंह रावत से जुड़ी ₹63.30 लाख की चल और अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच कर दी है। ED का दावा है कि पेपर लीक से अर्जित अवैध कमाई को वैध दिखाने के लिए बैंक खातों, आयकर रिटर्न और कृषि आय का सहारा लिया गया।

पेपर लीक से कमाई, संपत्तियों में लगाया पैसा

ED की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जांच में सामने आया कि हाकम सिंह रावत, परीक्षा की प्रिंटिंग एजेंसी RMS टेक्नो सॉल्यूशंस के कर्मचारियों, कुछ सरकारी कर्मचारियों और बिचौलियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चला रहा था। आरोप है कि गोपनीय प्रश्नपत्र लीक कर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई और उसी पैसे से चल-अचल संपत्तियां खरीदी गईं।

₹95 लाख की अवैध कमाई और जांच जारी

ED के मुताबिक हाकम सिंह रावत को करीब ₹95 लाख मिले। जांच में बैंक खातों में संदिग्ध नकद जमा, आयकर रिटर्न में कृषि आय का दावा और 14 ठिकानों पर तलाशी के दौरान मिले दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और संपत्ति संबंधी रिकॉर्ड अहम साक्ष्य बने। एजेंसी ने यह भी बताया कि विशेष अदालत में अभियोजन शिकायत पहले ही दाखिल की जा चुकी है। इस मामले में RMS टेक्नो सॉल्यूशंस के कर्मचारी, सरकारी कर्मचारी, बिचौलिए और अन्य सहयोगी आरोपी बनाए गए हैं। जांच अभी जारी है। ​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: NEET पेपर विवाद के बीच उत्तराखंड में परीक्षा अनियमितताओं पर सियासत तेज, BJP अध्यक्ष ने जताया खेद