कानपुर किडनी कांड में ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर जांच शुरू की
कानपुर (उत्तर प्रदेश): किडनी कांड मामले से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। कानपुर के किडनी रैकेट मामले में ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अब तक 11 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
ईडी की जांच शुरू होने से कुछ बड़े घरानों में खलबली मच गई है। अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ईडी की जांच शुरू होने से कई बड़े चेहरों के बेनकाब होने की संभावना जताई जा रही है।
ईडी के अधिकारी ने कानपुर पुलिस से मांगी रिपोर्ट
इधर, लखनऊ प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी ने कानपुर पुलिस से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर ईडी को दस्तावेज उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
डॉक्टर दंपती पर करोड़ों की अवैध लेन-देन का आरोप
किडनी रैकेट के डॉक्टरों के करोड़ों की अवैध लेनदेन की जानकारी पर ईडी ने कमान संभाल ली है। तीन महीने पहले गिरफ्तार डॉक्टर दंपती समेत सभी आरोपियों के खाते भी ईडी खंगालेगी।
किडनी ट्रांसप्लांट के बाद मरीज की मौत की खबर
बताया जा रहा है कि रैकेट के जरिए देश के अलग-अलग शहरों के अलावा विदेश से भी लोग किडनी ट्रांसप्लांट कराने के लिए यहां आते थे। इनमें से कुछ लोगों की मौत हो जाने की भी खबर है।
आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही ईडी
किडनी की खरीद-फरोख्त का काम एक सिंडिकेट के जरिए संचालित किया जा रहा था। ईडी अब आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है।