औरंगाबाद में पशु तस्करी का खुलासा, पिकअप से 8 गौवंश बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
औरंगाबाद : नवीनगर पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे आठ गौवंशों को भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है।
झारखंड से दूसरे राज्यों में ले जाकर बेचते थे पशु
पशुओं को वाहन में लादकर झारखंड से अन्य प्रदेश ले जाकर बेचते हैं। गिरफ्तार आरोपितों में झारखंड के पलामू जिला के हुसैनाबाद थाना अंतर्गत चिटोली निवासी लक्की खान और आरिफ खान शामिल हैं। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि तेतरिया मोड़ पर वाहन जांच के दौरान एक पिकअप को रोका गया।
पिकअप में अमानवीय तरीके से भरे थे गौवंश
तलाशी लेने पर पशुओं को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था और उनके लिए पर्याप्त दाना-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। प्रारंभिक जांच में गोवंश को कत्लखाने ले जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने सभी पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराते हुए पिकअप में सवार दोनों तस्करों को हिरासत में ले लिया।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पूछताछ में आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने बताया कि बिहार-झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में पशु तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
गौशाला भेजे गए सभी आठ गौवंश
वहीं, बरामद पशुओं को बभंडी स्थित गौशाला भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी अवैध पशु परिवहन या पशुओं के साथ क्रूरता की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
ये भी पढ़ें: इटावा में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चार थानों की टीम ने पांच आरोपियों को दबोचा