जौनपुर में खेत की जुताई के विवाद में हुए खूनी संघर

जौनपुर में बुजुर्ग किसान की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Elderly Farmer Killed in Jaunpur, Probe Underway

जौनपुर: जौनपुर में खेत की जुताई के विवाद में हुए खूनी संघर्ष में बुजुर्ग किसान की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पट्टीदारों ने जमीनी विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग की पीटकर हत्या कर दी। घायल को इलाज के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की हत्या के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पूरा मामला जौनपुर के मीरगंज थाना क्षेत्र के जारौना गांव की घटना है।

खेत की जुताई को लेकर हुआ विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक जरौना निवासी काशीनाथ उपाध्याय ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई करा रहे थे। इसी दौरान उनके पट्टीदार विनोद और विकास वहां पहुंच गए और खेत जोतने का विरोध करने लगे, जिसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर विनोद और विकास ने काशीनाथ की पीट-पीटकर हत्या कर दी। परिजन घायल को सीएचसी मछलीशहर ले गए, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इससे गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल को तैनात कर दिया गया।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

सूचना पर मीरगंज थानाध्यक्ष अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ मछलीशहर परमानंद कुशवाहा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि हत्याकांड में केस दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें: थप्पड़ कांड के बाद भड़की जातिगत राजनीति, क्षत्रियों ने भरी हुंकार