अमेठी में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, केस दर्ज
अमेठी {उत्तरप्रदेश}: जिले के जामो थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पल्सर बाइक की टक्कर से साइकिल सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे कटारी गांव में पानी की टंकी के पास हुआ। घायल बुजुर्ग को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जामो पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घर लौटते समय बाइक ने साइकिल में मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, जामो थाना क्षेत्र के कटारी गांव निवासी 70 वर्षीय दान बहादुर शनिवार रात साइकिल से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही पल्सर बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दान बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल बुजुर्ग को सीएचसी जामो पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया।
बेटे की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा
मृतक के बेटे अशोक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक अमलेश पुत्र कामता प्रसाद, निवासी सुखी बजगढ़, थाना जामो के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी ने क्या कहा?
जामो थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि शनिवार रात सड़क हादसा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: हाईवे पर गड्ढा बना मौत का कारण, महिला की मौत से कोहराम