हैवानियत बुजुर्ग को बाइक से बांध तीन किमी तक घसीटा, हालत गंभीर
MP News : रीवा। जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां तीन बदमाशों ने साइकिल से जा रहे एक बुजुर्ग को जबरन पकड़ लिया और फिर उसे बाइक से बांधकर करीब तीन किलोमीटर तक सड़क पर घसीटा। इस बर्बरता में बुजुर्ग के शरीर की चमड़ी उधड़ गई, गंभीर चोटें आईं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर की है। बुजुर्ग साइकिल से अपने काम से जा रहे थे, तभी रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया औऱ मारपीट की। फिर रस्सी से उन्हें बाइक से बांध दिया और बदमाश तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते हुए बुजुर्ग को सड़क पर घसीटते ले गए।
मचा हड़कंप
बुजुर्ग सड़क पर लहूलुहान हो गये। पुलिस को जानकारी मिली तो महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।रीवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे वारदात की असली वजह सामने आ सके।
बुजुर्ग अस्पताल में भर्ती
घायल बुजुर्ग को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनके शरीर पर गहरी चोटें हैं और संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।इस अमानवीय घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/mayawati-said-interference-of-political-people-in-religious-works-has-increase/106184