पंखे का प्लग लगाते समय करंट लगने से 60 वर्षीया बुज

रायबरेली में करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत

Elderly woman dies a tragic death after suffering an electric shock in Raebareli

रायबरेली,(उत्तर प्रदेश)। गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे नब्बा सिंह का पुरवा मजरे सुट्टा हरदो गांव में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। घर में पंखे का प्लग लगाते समय करंट लगने से 60 वर्षीया बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बिजली के बोर्ड में पंखे का प्लग लगाते समय लगा करंट

जानकारी के अनुसार, पूरे नब्बा सिंह का पुरवा निवासी फूल दुलारी (60) पत्नी स्वर्गीय हुबलाल गौतम मंगलवार सुबह करीब छह बजे घर में रखे बिजली के बोर्ड में पंखे का प्लग लगा रही थीं। इसी दौरान खंभे से जुड़ा लोहे का सेफ्टी तार (स्टे वायर) करंट की चपेट में आ गया था। पंखे का प्लग लगाते वक्त जैसे ही महिला का हाथ स्टे वायर से छू गया, वह उसकी चपेट में आ गईं और मौके पर ही तड़प-तड़पकर उनकी मौत हो गई।

नाती के साथ घर पर रहती थीं वृद्धा

ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का बेटा संतोष अपनी पत्नी के साथ शहर में रहकर मजदूरी करता है। गांव में फूल दुलारी अपने सात वर्षीय नाती अभय के साथ रहती थीं। अचानक हुए इस हादसे के बाद नाती अभय का रो-रोकर बुरा हाल है।

बिजली कटवाकर पुलिस ने भेजा शव

घटना की जानकारी मिलते ही गदागंज विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता नितेश दुबे ने तुरंत लाइनमैन को भेजकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप कराई। उधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गदागंज पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

यह भी पढ़ेंः जन्म के 6 घंटे बाद हुई मासूम की मौत! सीएचसी में लापरवाही के आरोपों से मचा बवाल