पेड़ से लटका मिला बुजुर्ग महिला का शव, गांव में सनसनी
इटावा {उत्तर प्रदेश}: बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम निजामपुर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 65 वर्षीय महिला का शव घर के बाहर नीम के पेड़ से दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची बलरई थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतका की पहचान शकुंतला देवी के रूप में हुई
मृतका की पहचान शकुंतला देवी (65) पत्नी रमेश चंद्र के रूप में हुई है। बताया गया कि उनका शव घर के सामने स्थित नीम के पेड़ से लटका मिला। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
15 वर्षों से मानसिक बीमारी से थीं पीड़ित
परिजनों के अनुसार शकुंतला देवी पिछले करीब 15 वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं। वह अपने पति रमेश चंद्र के साथ गांव में रहती थीं। उनका बड़ा पुत्र अरविंद दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि छोटा पुत्र रविंद्र कुमार कानपुर में होमगार्ड के पद पर तैनात है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़े: ऑपरेशन मुस्कान' ने लौटाई परिवार की खुशियां, बांदा पुलिस ने 8 वर्षीय मासूम को परिजनों से मिलाया