छपरा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दाउदप

छपरा में घर के बाहर सो रही 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या, बिस्तर पर छूटे मोबाइल से खुला राज

Elderly Woman Murdered in Chapra, Suspect Caught via Mobile Left at Crime Scene

छपरा (बिहार)। छपरा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। अपराधियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब वृद्ध महिला अपने घर के दरवाजे पर सो रही थीं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान गांव निवासी राम जनम पीड़ित की 80 वर्षीय पत्नी के रूप में हुई है।

परिजनों ने अचेत अवस्था में पाया शव

बताया जाता है कि गुरुवार की देर रात वह अपने घर के बाहर सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। देर रात करीब 1 बजे जब परिवार के सदस्य बाहर निकले तो महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। पास जाकर देखने पर उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

बिस्तर पर छूटे मोबाइल ने बदला केस का रुख

परिजनों का आरोप है कि महिला के शरीर पर पहने गए गहने गायब थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया। मामले में उस समय नया मोड़ आया जब जांच के दौरान एक मोबाइल फोन वृद्ध महिला के बिस्तर पर मिला। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ समय बाद एक व्यक्ति मोबाइल लेने के लिए वहां पहुंचा। उसके व्यवहार पर संदेह होने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने संदिग्ध को किया गिरफ्तार

उधर पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू की तथा एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे शीतलपुर गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

यह भी पढ़ें: बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 1941 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार