घर में घुसकर कुल्हाड़ी से बुजुर्ग महिला की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
जमुई (बिहार)। जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मड़ैया गांव में बीते गुरुवार देर शाम एक बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त महिला अपने घर में स्नान कर कपड़े बदल रही थी। तभी हमलावर घर में घुस आया और उसने घटना को अंजाम दिया।
बेटी के सास के निधन में शामिल होने गया था परिवार
मृतका की पहचान मड़ैया गांव निवासी 69 वर्षीय फुलमंती देवी, पति स्व. भोला सिंह के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए मृतका के पुत्र विजय सिंह ने बताया कि बीते गुरुवार को मेरी बेटी के सास के निधन के उपरांत हम सभी सपरिवार अपने बेटी के घर जमुई सदर थाना क्षेत्र के नीमारंग गांव चले गए थे। मैं दाह संस्कार के लिए वहीं रुक गया था, जबकि परिवार के अन्य लोग वापस लौट गए थे। शाम में मेरी पत्नी ने मुझे फोन कर सूचना दी कि गांव के ही शैलेंद्र सिंह उर्फ पेंघी सिंह ने कुल्हारी से मेरी मां की हत्या कर दी है।
नहाकर कपड़े बदलते समय किया हमला
विजय सिंह ने बताया कि मेरी मां जब नहाकर कपड़े बदल रही थी, तभी शैलेंद्र सिंह उर्फ पेंघी सिंह मेरे घर में घुस आया और आंगन में खड़ी मेरी मां पर पीछे से ही हमला कर दिया। इस हमले में मेरी मां के सिर, कान, कंधा सहित शरीर के कई अन्य हिस्से में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। विजय सिंह ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले आरोपित शैलेंद्र सिंह मेरे घर आया था और कहा था, कि मेरी बकरी उसके खेत में चली जाती है,अगर मैंने उसे नहीं रोका तो वो मुझे जान से मार देगा।
आरोपित शैलेंद्र सिंह उर्फ पेंघी सिंह को किया गिरफ्तार
विजय सिंह ने आशंका जाहिर करते हुए बताया है, कि इसी विवाद में शैलेंद्र सिंह ने उसके मां की हत्या की है। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद लक्ष्मीपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर देर रात पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपित शैलेंद्र सिंह उर्फ पेंघी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है तथा उससे पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ेंः बीमारी को 'ऊपरी साया' बताने वाले तांत्रिक की हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार